पश्चिम बंगाल में 12 घंटे तक बंद का आह्वान आज, दिखा बंद का असर
पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल में आज 12 घंटे बंद का असर सुबह से ही देखने को मिल रहा है। सिलीगुड़ी में शहर के अधिकत्तर दुकाने बंद हैं। पश्चिम बंगाल में आज वाम मोर्चा (लेफ्ट फ्रंट) ने 12 घंटे तक बंद का आह्वान किया है। ये बंद सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक के लिए बुलाया गया है। वहीं उत्तर 24 परगना जिले में सीपीआई (एम) के सदस्यों ने श्यामनगर में घोष पारा रोड को बंद कर दिया।
कोलकाता के नबाना में कल (गुरुवार) वाम मोर्चा के कार्यकर्ताओं को रैली के दौरान कथित रूप से पुलिस द्वारा पीटा गया है, इसी के विरोध में लेफ्ट फ्रंट ने बंद का आह्वान किया है। बताया जा रहा है कि इस दौरान सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। वाम मोर्चा के कार्यकर्ता शिक्षा और रोजगार समेत अन्य मांगों के समर्थन में राज्य सचिवालय से 'नबान्न अभियान' पर निकले थे। लेफ्ट फ्रंट के चेयरमैन बिमन बोस के मुताबिक यह सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया तो उसमें महिलाएं सहित कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई ने शुक्रवार सुबह बंद की कुछ तस्वीरें भी जारी की हैं। बिमन बोस ने कहा है कि पुलिस ने जो किया है वो 'जलियांवाला बाग जैसी' ही थी, जब पुलिस ने शहर की मोर्चाबंदी कर प्रदर्शनकारियों पर हमला किया।
सीपीएम नेता मोहम्मद सलीम ने दावा किया है कि 500 प्रदर्शनकारी घायल हो गए हैं। वहीं पुलिस का दावा है कि सिर्फ 20 लोगों को चोट लगी है। पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने इसका विरोध किया है। बंद के खिलाफ नोटिस जारी करते हुए राज्य सरकार ने कहा है कि कर्मचारियों को कार्यालय में उपस्थित होना चाहिए। कोई भी आकस्मिक छुट्टी नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही ट्रैफिक को बाधित किया जाना भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कोई अनुपस्थित रहता है तो उसके वेतन की कटौती की जाएगी।

पाठको की राय